विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में “प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना” थीम पर आधारित जनजागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। गंगोत्री, यमुनोत्री धाम सहित नगर निकायों, ग्राम पंचायतों एवं प्रमुख स्थलों पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ से हुई, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, महिला समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्कूली बच्चों एवं नागरिकों ने भाग लिया। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया और नागरिकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, वन विभाग, नमामि गंगे, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न संगठनों ने इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की। जनपद में जागरूकता रैलियां, नारेबाजी, स्वच्छता अभियान और प्लास्टिक कचरे का पृथक्करण कर निस्तारण जैसे कार्य किए गए।
जिलाधिकारी ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बहिष्कार और सतत जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक निरंतर जिम्मेदारी है, जिसे जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।
Reported By: Gopal Nautiyal