Total Views-251419- views today- 25 7 , 1
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मालवीय उद्यान, कोटद्वार में आयोजित विजय संकल्प जनसभा में नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए शैलेंद्र सिंह रावत एवं पार्षद पदों पर भाजपा प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत के साथ विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सीएम धामी को सुनने के लिए पहुंचे।
मुख्यमंत्री धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में कोटद्वार क्षेत्र का विकास पूरी तरह से ठप हो गया था। लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था। कांग्रेस शासनकाल में कोटद्वार नगर निगम में क्या खेल चलता था इससे सभी लोग भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा का बोर्ड बनने पर क्षेत्रीय विकास में तेजी आएगी। लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोभी पार्टी है। अपने व्यक्तिगत हितों और स्वार्थ के लिए वह सत्ता में आना चाहती है। ये लोग अपने स्वार्थ के लिए राष्ट्रहितों की भी तिलांजली देने से पीछे नहीं हटते।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारी सरकार बिना रुके, बिना थके प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और हम जो संकल्प लेते हैं उनको सिद्धि तक भी पहुंचाते हैं। हमने कोटद्वार में जिस सतपुली झील का शिलान्यास किया है उसका हम लोकार्पण भी अवश्य करेंगे। उन्होंने क्षेत्र विकास के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।
Reported By: Arun Sharma