उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने केंद्र सरकार द्वारा जातिगत जनगणना के फैसले को ऐतिहासिक और क्रांतिकारी बताया है। उन्होंने इसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जनसरोकार आधारित राजनीति और उनके संघर्ष की जीत करार दिया। माहरा ने कहा कि राहुल गांधी ने “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” जैसे नारों को जमीनी हकीकत में बदलने के लिए लगातार संघर्ष किया।
माहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले इस मुद्दे को ‘विभाजनकारी’ बताया था, लेकिन अब जनता के दबाव और कांग्रेस के अभियान के सामने झुकने को मजबूर हुई है। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना नीति निर्माण, आरक्षण समीक्षा और संसाधनों के न्यायपूर्ण वितरण के लिए बेहद आवश्यक है।
भाजपा को उन्होंने चेताया कि यह निर्णय केवल चुनावी स्टंट बनकर न रह जाए, बल्कि पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से लागू किया जाए। अंत में माहरा ने कहा कि यह केवल कांग्रेस नहीं, बल्कि देश के करोड़ों वंचित वर्गों की जीत है और राजनीति का उद्देश्य सत्ता नहीं, बल्कि सेवा और समानता होना चाहिए।
करन माहरा, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
Reported By: Arun Sharma