Total Views-251419- views today- 25 132 , 1
देहरादून, 19 सितंबर
भारतीय जनता पार्टी (BJP) का सदस्यता अभियान जोरों पर है। पार्टी के कार्यकर्ता पूरे राज्य में लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाने में सक्रिय हैं। इसी बीच, उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने भी अपना सदस्यता अभियान शुरू किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा का सदस्यता अभियान बिना किसी शुल्क के होता है और पार्टी के सभी प्रकोष्ठ मिलकर इसे चलाते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के संविधान से कोई संबंध नहीं है, और उन्होंने कांग्रेस पर सदस्यता के बदले पैसे लेने का आरोप भी लगाया।
महेंद्र भट्ट के इस हमले के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के जन्म से पहले ही कांग्रेस का सदस्यता अभियान चल रहा था। रावत ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब महेंद्र भट्ट का जन्म भी नहीं हुआ था, तब कांग्रेस में चवन्नी की सदस्यता हुआ करती थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि महेंद्र भट्ट पहले अपनी जन्म कुंडली पंडित को दिखाएं और फिर कांग्रेस पर टिप्पणी करें।
इस बयानबाज़ी से उत्तराखंड की राजनीति में गर्माहट आ गई है, और दोनों पार्टियों के बीच सदस्यता अभियान को लेकर तीखे हमले जारी हैं।