Home » आपदा काल में कांग्रेस की राजनीतिक यात्रा हास्यास्पद: मनवीर सिंह चौहान केदारनाथ अतिवृष्टि के बाद त्वरित रेस्क्यू अभियान कांग्रेस के लिए आईना

आपदा काल में कांग्रेस की राजनीतिक यात्रा हास्यास्पद: मनवीर सिंह चौहान केदारनाथ अतिवृष्टि के बाद त्वरित रेस्क्यू अभियान कांग्रेस के लिए आईना

Loading

देहरादून, 17 सितंबर 2024 – भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस द्वारा आपदा प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों को हास्यास्पद बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आपदा के समय जिस कुशलता और समन्वय से रेस्क्यू अभियान चलाया, उसके सकारात्मक परिणाम सबके सामने हैं। 2013 की बड़ी आपदा के बाद इस बार सरकार की तत्परता और मुख्यमंत्री की निगरानी में चलाए गए बचाव कार्यों ने आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ किया है, जो विपक्ष के लिए एक आईना है।

चौहान ने कहा, “आपदा के समय कांग्रेस ने अपने विपक्षी धर्म को भूलकर राजनीतिक यात्रा में समय बिताया। जबकि सरकार ने रेस्क्यू और राहत कार्यों में त्वरित कदम उठाए। इस बार भारी बारिश और सड़कों के अवरुद्ध होने के बावजूद, आपदा प्रबंधन के प्रयास असाधारण रहे। आधी रात को बादल फटने के बावजूद दर्जनों गांवों में त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया गया। ऐसे कई उदाहरण हैं जहां टीमों ने जान जोखिम में डालकर सैकड़ों लोगों को बचाया।”

उन्होंने केदारनाथ अतिवृष्टि का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की त्वरित प्रतिक्रिया से 20,000 से अधिक लोगों का सफल रेस्क्यू किया गया। वहीं, 2013 की आपदा में कांग्रेस सरकार की स्थिति इतनी दयनीय थी कि उन्हें आपदा की जानकारी दो दिन बाद मिली थी।

 

चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री लगातार आपदा प्रबंधन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और 95% सड़कें पहले ही खोली जा चुकी हैं। शेष सड़कों को खोलने के लिए सीएम ने अधिकारियों को दो दिन का समय दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि केदारनाथ पैदल मार्ग श्रद्धालुओं के लिए खुला है और हल्के वाहनों की आवाजाही भी हो रही है।

चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने आपदा के इस समय को केदारनाथ उपचुनाव की रिहर्सल तक सीमित कर दिया। जबकि इस दौरान वह देशभर से आए श्रद्धालुओं की मदद कर सकती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आपदा प्रबंधन टीम के साहस और जज्बे की सराहना करनी चाहिए, बजाय उनके मनोबल पर चोट करने के।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *