निजामाबाद। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को निजामाबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अरविंद धर्मापुरी के समर्थन में विशाल जनसभा को सम्बोधित किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प साकार होने से सनातन की रक्षा तथा देश विश्वगुरु की तरफ तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने देशभर में कांग्रेस के राज और तेलांगना में धोखे से आई बीआरएस सरकार में व्यापक भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत हाथों में देने के लिए जरूरी है कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प "अबकी बार400 पार" को पूरा कर तीसरी बार देश की बागडोर सौंपी जाए। इसके लिए जरूरी है कि निजामाबाद के विकास का विजन रखने वाले जनप्रिय सांसद अरविंद जी को भारी मतों से जिताकर दिल्ली भेजें। इस दौरान तेलंगाना के किसानों ने मुख्यमंत्री धामी को 'हल' का प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।

तेलंगाना के निजामाबाद में लोकसभा प्रत्याशी अरविंद धर्मापुरी के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड और देवभूमि तेलांगना से प्रधानमंत्री का खासा लगाव है। जिस तरह से उत्तराखंड में चारधाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री हैं, जहां देशभर के श्रद्धालु आते हैं। वहीं तेलांगना भी इंद्रपुरी यानी शिव की धरती और देवभूमि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वह देवभूमि से एक संदेश लेकर आये हैं कि भाजपा प्रत्याशी अरविंद भाई को पिछले चुनाव से कई गुना मत देकर विजयी बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार सरकार बनाने में समर्थन दें।

मुख्यमंत्री धामी जनसभा में भीषण गर्मी के बावजूद उमड़े जन सैलाब से गदगद दिखे और कहा कि भीड़ से साफ लग रहा कि निजामाबाद सीट पर भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का डंका दुनिया में बज रहा है। आज कश्मीर से कन्याकुमारी, पूर्व से पश्चिम, उत्तर से दक्षिण तक एक सूत्र में भारत आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कोरोना काल में दुनिया के शक्तिशाली देशों की अर्थव्यवस्था लड़खड़ाने से सभी भारत के सामने झुक गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों ने भारत पर 200 सालों तक राज करने वाले अंग्रेजों को पछाड़ कर दुनिया में 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था वाले स्थान पर भारत को पहुंचाया है। आज भारत हर क्षेत्र में पूरी दुनिया में परचम लहरा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 2014 से पहले जहां देश के बॉर्डर पर गोली चलने के बाद केंद्र के आदेशों का इंतजार होता था, वहीं मोदी राज में अब बॉर्डर पर देश की रक्षा में जुटे हमारे सैनिक गोली का जवाब गोला और तोप से दे रहे हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नया भारत है, जिसमें कोई भी भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकता है। आज कश्मीर में आतंकवाद का सफाया हो गया है।

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).