उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून स्थित कैंप कार्यालय में “एग्री मित्रा उत्तराखण्ड 2025” महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। यह महोत्सव 14-15 जून 2025 को देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित जसवंत ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर के किसान, एफपीओ, कृषि स्टार्टअप्स, वैज्ञानिक, स्वयं सहायता समूह (SHG), विश्वविद्यालयों के छात्र और विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री भाग लेंगे।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को समयबद्ध और व्यवस्थित तैयारी के निर्देश देते हुए कार्यक्रम स्थल पर शौचालय, पेयजल और स्वच्छता की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। इस आयोजन में स्थानीय और जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी, मिलेट्स पर विशेष चर्चा, वैज्ञानिक सत्र, और आधुनिक कृषि तकनीकों की प्रस्तुति प्रमुख आकर्षण होंगे।
मंत्री जोशी ने कहा कि यह महोत्सव राज्य की कृषि को आत्मनिर्भर, आधुनिक और टिकाऊ बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल है, जो किसानों को नवाचार और बाजार से जोड़ने का अवसर देगा। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से इसमें भागीदारी का आग्रह किया।
Reported By: Arun Sharma